सेंथल-बिजौरिया रेलखंड पर समपार फाटक 12 घंटे रहेगा बंद, वैकल्पिक मार्ग से गुजरेंगे वाहन

सेंथल-बिजौरिया रेलखंड पर समपार फाटक 12 घंटे रहेगा बंद, वैकल्पिक मार्ग से गुजरेंगे वाहन

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में रेल संरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सेंथल-बिजौरिया स्टेशनों के मध्य स्थित एक समपार फाटक पर मरम्मत एवं ओवरहालिंग कार्य किया जाएगा। इसके चलते संबंधित समपार फाटक पर सड़क यातायात अस्थायी रूप से बंद रहेगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार सेंथल-बिजौरिया रेलखंड के किलोमीटर संख्या 283/1-2 पर ग्राम सिजोलिया के पास स्थित समपार संख्या 217/सी पर सावधिक ओवरहालिंग एवं मरम्मत कार्य के लिए 5 जून 2026 की शाम 8 बजे से 6 जून 2026 की सुबह 8 बजे तक सड़क यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह कार्य रेल और सड़क दोनों यातायात की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है। मरम्मत के दौरान फाटक से किसी भी प्रकार के वाहन का आवागमन संभव नहीं होगा।

यह रहेगा वैकल्पिक मार्ग

सड़क उपयोगकर्ताओं की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की है। इस दौरान वाहन चालक पीपला गांव से लाईखेड़ा मार्ग पर स्थित समपार संख्या 218/सी का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

रेल प्रशासन ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें तथा यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाएं। रेलवे ने इस अस्थायी असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए कहा है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद समपार फाटक की सुरक्षा और संचालन व्यवस्था और अधिक बेहतर हो जाएगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, इज्जतनगर संजीव शर्मा ने बताया कि यात्रियों एवं सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कार्य कराया जा रहा है।