बरेली में टीजीटी परीक्षा में सॉल्वर गैंग का हुआ पर्दाफाश दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देते युवक को पुलिस ने पकड़ा

बरेली टीजीटी परीक्षा के दौरान बुधवार को इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहे एक सॉल्वर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान आजमगढ़ निवासी प्रमोद के रूप में हुई है, जो फर्रुखाबाद निवासी अभ्यर्थी विमल की जगह परीक्षा देने पहुंचा था। जानकारी के अनुसार प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन में गड़बड़ी सामने आने पर अधिकारियों को संदेह हुआ। जांच करने पर पता चला कि परीक्षा दे रहा युवक वास्तविक अभ्यर्थी नहीं है। इसके बाद केंद्र पर मौजूद अधिकारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी प्रमोद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस मामले में कोई संगठित सॉल्वर गैंग सक्रिय है या नहीं। एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा की निगरानी के दौरान बायोमेट्रिक मिलान में गड़बड़ी पकड़ी गई, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।