विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत इज्जतनगर मंडल में वृहत वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ

बरेली। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के अंतर्गत उत्तर पूर्व रेलवे के इज्जतनगर मंडल में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, रेलकर्मियों और अन्य हितधारकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इज्जतनगर मंडल कार्यालय कॉलोनी परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सहित मंडल के सभी शाखा अधिकारियों, रेल कर्मचारियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर सभी ने हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

वृक्षारोपण के उपरांत मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने उपस्थित अधिकारियों एवं रेलकर्मियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण के अनुकूल आदतों को अपनाने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए कार्य करने तथा परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी और बुनियादी उपाय है। इससे न केवल वन क्षेत्रों में वृद्धि होती है, बल्कि जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने और पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।

अभियान के तहत मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों और रेलवे कॉलोनियों में पोस्टर एवं बैनरों के माध्यम से मिशन लाइफ (LiFE) के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। साथ ही लोगों को पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने, वृक्षारोपण को बढ़ावा देने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

इज्जतनगर मंडल द्वारा चलाया जा रहा यह विशेष अभियान रेलवे परिसरों को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण के प्रति रेलवे की यह पहल आमजन में भी जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

संजीव शर्मा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, इज्जतनगर मंडल