विश्व पर्यावरण दिवस पर कोरिया की सभी ग्राम पंचायतों में होगी ग्राम सभा

बैकुंठपुर।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को कोरिया जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। जिला कलेक्टर के निर्देश पर आयोजित होने वाली इन ग्राम सभाओं में जल संरक्षण, स्वच्छता, पौधारोपण और प्लास्टिक मुक्त कोरिया बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।जिला प्रशासन द्वारा ग्राम सभाओं में ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण के लिए संकल्प दिलाया जाएगा। साथ ही आगामी वर्षा ऋतु में फलदार पौधों के रोपण तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि जिले को शत-प्रतिशत प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ग्राम सभाओं में जल स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन और वर्षा जल को अधिक से अधिक मात्रा में भूमिगत करने पर विशेष चर्चा होगी।प्रशासन ने सभी ग्राम पंचायतों में मुनादी कराकर ग्राम सभा की सूचना आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अधिक संख्या में ग्राम सभा में शामिल होकर जल संरक्षण, स्वच्छता और पौधारोपण जैसे जनहित के कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा हरित कोरिया के संकल्प को सफल बनाएं।