हरदोई में संजय सिंह का सरकार पर हमला, बोले- पेपर लीक से हुई मौतें आत्महत्या नहीं, सरकार की हत्या हैं

हरदोई। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने हरदोई दौरे के दौरान केंद्र सरकार और विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लखीमपुर में नीट पेपर लीक मामले से आहत होकर आत्महत्या करने वाले छात्र रितिक मिश्रा के परिवार से मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सरकार की हत्या है।
संजय सिंह ने कहा कि रितिक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसने दो बार परीक्षा दी थी और इस बार काफी मेहनत से नीट की तैयारी की थी। पेपर लीक की जानकारी मिलने के बाद वह सदमे में आ गया और उसने आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार बताए कि इन मौतों का जिम्मेदार कौन है और इनकी जवाबदेही कौन तय करेगा।
रामभद्राचार्य के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि वह किस पार्टी के नेता हैं, लेकिन उनके बयानों से जातीय और धार्मिक भेदभाव की भावना झलकती है। उन्होंने कहा कि उनके आचरण में संत-महात्मा जैसी मर्यादा दिखाई नहीं देती।
कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है और जो भी मुख्यमंत्री बना है, वह राज्य के विकास के लिए काम करे।
खान सर की कोचिंग पर हुए हमले को लेकर उन्होंने चिंता जताई और कहा कि गरीब छात्रों को सस्ती शिक्षा देने वाले शिक्षक की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) को लेकर उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। वहीं ?वन नेशन, वन इलेक्शन? के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जनता पांच साल के लिए सरकार चुनती है, ऐसे में बार-बार कार्यकाल बदलने की व्यवस्था लोकतंत्र का मजाक बनाने जैसा है।