फिरोजपुर मंडल की बी.डी.यू. टीम ने उद्योगों के साथ की महत्वपूर्ण बैठकें, माल यातायात बढ़ाने पर हुआ मंथन

फिरोजपुर। भारतीय रेलवे के माल यातायात व्यवसाय को बढ़ावा देने तथा उद्योगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से फिरोजपुर रेलवे मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बी.डी.यू.) द्वारा 31 मई एवं 1 जून 2026 को फगवाड़ा और मोगा में महत्वपूर्ण व्यावसायिक विकास बैठकें आयोजित की गईं।

बैठकों में उद्योग जगत और रेलवे अधिकारियों के बीच माल परिवहन को अधिक प्रभावी एवं सुविधाजनक बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। फगवाड़ा में आयोजित बैठक में मेसर्स सुखजीत स्टार्च एंड केमिकल्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के.के. सरदाना उपस्थित रहे, जबकि मोगा में आयोजित बैठक में शक्तिशाली सीमेंट तथा श्री बालाजी सीमेंट इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

रेलवे की ओर से वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट सर्विस) परमदीप सिंह सैनी सहित मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उद्योगों को उपलब्ध कराई जा रही माल ढुलाई सुविधाओं, समयबद्ध रेक उपलब्धता, लोडिंग एवं अनलोडिंग व्यवस्था, परिवहन प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं सुगम बनाने के उपायों तथा भविष्य में फ्रेट ट्रैफिक बढ़ाने की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक फ्रेट परमदीप सिंह सैनी ने कहा कि भारतीय रेलवे उद्योगों को सुरक्षित, विश्वसनीय, किफायती तथा पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने उद्योग जगत से अधिक से अधिक माल परिवहन रेलवे के माध्यम से करने की अपील करते हुए कहा कि रेलवे की आधुनिक सुविधाएं उद्योगों की परिवहन आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा करने में सक्षम हैं।

बैठक में उद्योग प्रतिनिधियों ने भी रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की सराहना करते हुए अपने सुझाव साझा किए। रेलवे अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप माल ढुलाई सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

फिरोजपुर मंडल की इस पहल को रेलवे और उद्योगों के बीच सहयोग को मजबूत करने तथा माल यातायात में वृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।