विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत फिरोजपुर मंडल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

फिरोजपुर मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अमृतसर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों एवं आमजन को जागरूक करने हेतु नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, सिंगल यूज़ प्लास्टिक उन्मूलन तथा हरित जीवनशैली अपनाने का संदेश रोचक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय के जरिए लोगों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने और दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान स्टेशन परिसर में बैनर एवं पोस्टरों के माध्यम से भी पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश प्रदर्शित किए गए, जिन्हें यात्रियों ने सराहा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य रेल यात्रियों और आमजन में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत फिरोजपुर मंडल द्वारा आगामी दिनों में भी विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया जा सके।