एक दिन में 13 मालगाड़ियों की रिकॉर्ड लोडिंग, फिरोजपुर मंडल ने बनाया नया कीर्तिमान

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने खाद्यान्न परिवहन के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड स्थापित करते हुए 28 मई 2026 को एक ही दिन में 13 मालगाड़ियों की लोडिंग कर इतिहास रच दिया। मंडल की इस उपलब्धि को खाद्यान्न आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

फिरोजपुर मंडल पंजाब से देश के विभिन्न हिस्सों तक खाद्यान्नों की निर्बाध और सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मंडल द्वारा भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) एवं अन्य खाद्य एजेंसियों की मांग के अनुरूप सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर मालगाड़ियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

रेल प्रशासन द्वारा खाद्यान्नों की सुरक्षित लोडिंग, तीव्र परिवहन और समयबद्ध संचालन के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। कुशल परिचालन व्यवस्था के चलते मालगाड़ियों को निर्धारित गंतव्यों तक सुरक्षित एवं समय पर पहुंचाया जा रहा है।

रिकॉर्ड लोडिंग के तहत मंडल के फिरोजपुर शहर, बटाला, सूरानुस्सी, मलसियां, गुरुहरसहाय, कपूरथला, जगराओं, ब्यास, फरीदकोट, तलवंडी भाई, अजीतवाल, गंगसर जैतो तथा जंडियाला रेलवे स्टेशनों से गेहूं एवं फोर्टिफाइड कर्नेल चावल की लोडिंग कर विभिन्न गंतव्यों के लिए रवाना किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि फिरोजपुर मंडल देशभर में खाद्यान्न आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहा है और भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।