चांदपुर समिति पर यूरिया खाद उपलब्ध होने के बावजूद किसानों को नहीं दी जा रही यूरिया 

--यूरिया न मिलने से कई दिनों से समिति के चक्कर काट रहे किसान--

--सचिव पर पक्षपात और अनियमितता के आरोप--


खुटार। क्षेत्र की चांदपुर स्थित साधन सहकारी समिति पर यूरिया खाद उपलब्ध होने के बावजूद वितरण न होने को लेकर किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। किसानों का आरोप है कि समिति पर खाद उपलब्ध है और वह कई दिनों से समिति के चक्कर लगा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें समय पर यूरिया नहीं दी जा रही है, जिससे खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लगातार पांच दिनों से समिति के चक्कर लगाने के बाद भी खाद न मिलने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
किसानों का कहना है कि इस समय गन्ने सहित अन्य फसलों में यूरिया का प्रयोग अत्यंत आवश्यक है। ऐसे में खाद न मिलने से फसलों की वृद्धि प्रभावित होने की आशंका है। कई किसान सुबह से लेकर देर शाम तक समिति परिसर में खाद मिलने की उम्मीद में इंतजार करते रहे, लेकिन उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
एक ओर शासन द्वारा किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराए जाने के दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर चांदपुर समिति पर व्यवस्थाएं सवालों के घेरे में हैं। किसानों ने समिति के सचिव पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि सचिव के रवैये के कारण किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कुछ किसानों ने आरोप लगाया कि खाद वितरण में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। उनका कहना है कि कुछ चुनिंदा लोगों को प्राथमिकता के आधार पर खाद दी जा रही है, जबकि अन्य किसानों को विभिन्न कारण बताकर टाल दिया जाता है। इससे किसानों में असंतोष और आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
किसानों ने यूरिया खाद वितरण करवाने की मांग की है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।