पीलीभीत जनपद के नानक नगरी, बैलहा स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा प्रबंधक कमेटी की ओर से जारी पत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा संगत एवं समाज को भ्रमित करने के प्रयासों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है।

प्रेस विज्ञप्ति
पीलीभीत जनपद के नानक नगरी, बैलहा स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा प्रबंधक कमेटी की ओर से जारी पत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा संगत एवं समाज को भ्रमित करने के प्रयासों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है।
गुरुद्वारे के अध्यक्ष सरदार गुरदयाल सिंह एवं सचिव सरदार छिन्द्रपाल सिंह द्वारा अवगत कराया गया कि गुरुद्वारे एवं गोलक से संबंधित मामलों को लेकर फैलाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार, भ्रामक एवं तथ्यों से परे हैं। उन्होंने कहा कि सरदार परमजीत सिंह पी.जी. के विरुद्ध कुछ विरोधी ताकतों द्वारा सुनियोजित साजिश के तहत गलत प्रचार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि परमजीत सिंह पी.जी. सदैव राष्ट्रीय, प्रादेशिक एवं गांव हित के कार्यों में सक्रिय रहते आए हैं तथा गांव के विकास, सामाजिक एकता और धार्मिक सौहार्द बनाए रखने हेतु निरंतर कार्यरत हैं। यही कारण है कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता एवं समाजसेवा से घबराकर कुछ लोग उनके विरुद्ध झूठी अफवाहें फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
गुरुद्वारा प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि गोलक में लाखों रुपये डाले जाने जैसी बातें केवल अफवाह हैं और इनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। कमेटी के अनुसार, इस प्रकार के भ्रामक प्रचार का उद्देश्य केवल संगत को भ्रमित करना एवं धार्मिक माहौल को खराब करना है।
गुरुद्वारा सिंह सभा प्रबंधक कमेटी ने संगत एवं क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट एवं भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें तथा समाज में शांति, भाईचारा और एकता बनाए रखें। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में इस प्रकार की अफवाहें फैलाकर धार्मिक वातावरण को प्रभावित करने का प्रयास किया गया तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।