हरदोई में शिक्षक के बंद मकान में लाखों की चोरी, अंदर से बंद मिला गेट, पुलिस भी हुई हैरान

हरदोई। शहर की आवास विकास कॉलोनी में एक शिक्षक के बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई, जब मकान मालिक अपनी पत्नी को लेने अयोध्या गए हुए थे और घर में ताला लगा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, सर्वेश पाठक पेशे से शिक्षक हैं। रविवार को वह अपनी पत्नी को ससुराल से लाने के लिए अयोध्या गए थे। इसी दौरान उनके बंद मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। सोमवार सुबह पत्नी के साथ घर लौटने पर उन्होंने मुख्य गेट का ताला खोला, लेकिन गेट अंदर से बंद मिला। यह देखकर वह हैरान रह गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सदर चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने एक बढ़ई की मदद से रोशनदान खुलवाया, जिसके बाद एक युवक को अंदर भेजकर मुख्य गेट खुलवाया गया। मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घर के सभी दरवाजे और रोशनदान बंद मिले, जिससे पुलिस भी यह सोचने पर मजबूर हो गई कि चोर आखिर बाहर निकला कैसे।
जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में लाल टी-शर्ट पहने एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया है। पुलिस उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर से नकदी और जेवरात समेत करीब 15 लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी होने की आशंका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल है और लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने तथा जल्द खुलासे की मांग की है।