हरदोई पुलिस का बड़ा खुलासा, फर्जी वेबसाइट और गेमिंग ऐप से साइबर ठगी करने वाले 10 आरोपी गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में यूपीआई आईडी संबंधी डिजिटल डाटा बरामद

हरदोई। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम पुलिस ने फर्जी वेबसाइट और ऑनलाइन गेमिंग ऐप के माध्यम से लोगों से ठगी करने वाले अंतरजनपदीय एवं अंतरराज्यीय गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 लैपटॉप, 2 टैबलेट, 26 मोबाइल फोन, 42 सिम कार्ड, 6 एटीएम कार्ड, 4 पासबुक, आधार कार्ड की प्रतियां तथा बड़ी मात्रा में यूपीआई आईडी संबंधी डिजिटल डाटा बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में जदवीर सिंह उर्फ जस्सी सिंह, आयुष सिंह उर्फ हिमांशू, गगन साहू, रामधीरज सिंह, लवकुश गुप्ता, लवकुश सिंह, हर्षित सिंह, अंशुमान पाण्डेय, अर्जुन कुमार रावत और शुभम गुप्ता उर्फ रजनीश गुप्ता शामिल हैं। सभी आरोपी बहराइच, सीतापुर, सिद्धार्थनगर और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह कई टीमों में काम करता था। एक टीम फर्जी वेबसाइट और गेमिंग ऐप के जरिए लोगों को निवेश और कमाई का लालच देकर धन जमा कराती थी। दूसरी टीम सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और बैंकिंग संबंधी जानकारी उपलब्ध कराती थी, जबकि तीसरी टीम फर्जी यूपीआई आईडी और बैंक खातों के माध्यम से धन का लेन-देन करती थी।
जांच में KABOOK, Sport99, RolexPanel और Lotus365 जैसी वेबसाइटों के इस्तेमाल की जानकारी मिली है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।