जल निकासी समस्या को लेकर सांसद प्रतिनिधि से मिले क्षेत्रवासी।

पयागपुर (बहराइच)। नगर पंचायत पयागपुर के धर्म नगरी काधी कुइयां स्थित वार्ड संख्या 13 एवं 14 में नाला निर्माण और जल निकासी की समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों ने सांसद प्रतिनिधि सुनील सिंह से मुलाकात कर समाधान की मांग की। क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी बाबा पंचदेव तिवारी वार्डवासियों द्वारा हस्ताक्षरित प्रार्थना पत्र लेकर नारायणपुर कला स्थित सांसद प्रतिनिधि के आवास पहुंचे और समस्या से अवगत कराया।बाबा पंचदेव तिवारी ने बताया कि वार्डों में लंबे समय से जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान सड़कों और गलियों में जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ ही संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।सांसद प्रतिनिधि सुनील सिंह ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए नगर पंचायत पयागपुर के अधिशासी अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर जल्द निस्तारण कराया जाएगा।उन्होंने बाबा पंचदेव तिवारी से कहा कि वह अधिशासी अधिकारी से भी मुलाकात कर समस्या से अवगत कराएं। यदि इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है तो उन्हें सीधे सूचित किया जाए, ताकि प्रभावी हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराया जा सके। सांसद प्रतिनिधि के आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों में समस्या के शीघ्र समाधान की उम्मीद जगी है। वार्ड संख्या 13 एवं 14 के निवासियों ने जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाने पर सांसद प्रतिनिधि का आभार व्यक्त किया।