विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत इज्जतनगर स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक, प्लास्टिक मुक्त वातावरण का दिया संदेश

बरेली। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के अंतर्गत इज्जतनगर रेलवे स्टेशन पर पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण नियंत्रण को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, इज्जतनगर के सदस्यों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों, स्थानीय नागरिकों और स्कूली बच्चों को एकल उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों तथा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। कलाकारों ने लोगों से कपड़े और जूट के थैलों का उपयोग करने तथा प्लास्टिक कचरे के उचित निस्तारण की अपील की। कार्यक्रम को उपस्थित लोगों ने सराहा और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को प्रभावी बताया।

अभियान के तहत पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन (नरवों) इज्जतनगर द्वारा रेलवे परिसरों में पक्षियों के लिए मिट्टी के जलपात्र भी स्थापित कराए गए। इस अवसर पर रेलवे कर्मचारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

रेल प्रशासन ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगामी दिनों में मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी आयोजित किए जाएंगे।