इज्जतनगर मंडल का रेल संरक्षा जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक से दिया सुरक्षा का संदेश

इज्जतनगर मंडल का रेल संरक्षा जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक से दिया सुरक्षा का संदेश

पूर्वोत्तर रेलवे के पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट एवं गाइड द्वारा इज्जतनगर मंडल में रेल संरक्षा को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। बरेली मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डा. हरीश रैडतोलिया के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में नुक्कड़ नाटक और प्रभात फेरी के माध्यम से लोगों को रेल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

इज्जतनगर-बरेली सिटी रेल खंड के मध्य अलखनाथ स्थित समपार संख्या 245 बी2 पर आयोजित कार्यक्रम में स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने प्रभावी प्रस्तुतियों के जरिए स्थानीय लोगों को संदेश दिया कि ट्रेन गुजरने के समय बंद फाटक के नीचे से वाहन निकालना बेहद खतरनाक हो सकता है। साथ ही रेलवे ट्रैक के किनारे पशु न चराने, प्लेटफॉर्म पर सेल्फी न लेने तथा रेल संचालन के दौरान सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान लगभग 250 संरक्षा संदेश अंकित हैंडबिल एवं पोस्टर भी वितरित किए गए।इसी क्रम में इज्जतनगर मंडल के कासगंज-फर्रुखाबाद रेल खंड के बधारी कलां स्टेशन एवं आसपास के गांवों में भी जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्थानीय निवासियों, रेल यात्रियों और छात्र-छात्राओं को अनाधिकृत स्थानों से रेलवे ट्रैक पार न करने, केवल अधिकृत समपारों का उपयोग करने तथा गेटमैन पर फाटक खोलने के लिए दबाव न बनाने की सलाह दी गई।अभियान के दौरान लोगों को रेलवे ट्रैक, विद्युत पोल एवं ओएचई मास्ट से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, ट्रैक के पास पशु न चराने तथा रेल लाइन के समीप पतंगबाजी से बचने के प्रति भी जागरूक किया गया। रेल प्रशासन का यह प्रयास यात्रियों और स्थानीय नागरिकों में संरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सराहनीय पहल माना जा रहा है।