विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत इज्जतनगर मंडल में निबंध, चित्रकला प्रतियोगिता और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

बरेली। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के अंतर्गत इज्जतनगर मंडल में शुक्रवार को पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विषय पर आधारित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार तथा मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, प्लास्टिक प्रदूषण नियंत्रण एवं हरित जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।अभियान के तहत गीतांजलि जूनियर हाई स्कूल ऑफिस कॉलोनी, गीतांजलि जूनियर हाई स्कूल रोड नंबर-4 एवं न्यू मॉडल स्कूल, न्यू मॉडल रेलवे कॉलोनी में निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त जीवन, स्वच्छता एवं प्रदूषण नियंत्रण जैसे विषयों पर अपने विचार और रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं।विद्यार्थियों ने चित्रों और लेखों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया। प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों की रचनात्मकता और सामाजिक जागरूकता देखने को मिली।इसके साथ ही एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों, कार्यालय परिसरों एवं रेलवे भूमि के आसपास वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों ने छायादार, फलदार और पर्यावरण हितैषी पौधे लगाकर हरित वातावरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया।रेल प्रशासन ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरणीय विषयों के प्रति रुचि, सामाजिक उत्तरदायित्व और प्रकृति संरक्षण की भावना को विकसित करना है। कार्यक्रम में विद्यालयों के शिक्षक, रेलवे कर्मचारी एवं अन्य प्रतिभागियों ने भी सक्रिय सहभागिता कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।यह जानकारी वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक इज्जतनगर संजीव शर्मा ने दी।