इज्जतनगर मंडल में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक दी गई विदाई

बरेली। इज्जतनगर मंडल में मई 2026 में सेवानिवृत्त हुए एक राजपत्रित अधिकारी एवं आठ रेल कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक सभा कक्ष में आयोजित समारोह में सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समापक राशि भुगतान परिपत्र, मेडिकल कार्ड एवं अन्य सेवानिवृत्ति संबंधी दस्तावेज प्रदान किए तथा उनके सुखद, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की कामना की।इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी सभी कर्मचारी रेल परिवार के अभिन्न अंग रहेंगे। उन्होंने कर्मचारियों को अपनी जीवनभर की कमाई को सोच-समझकर निवेश करने तथा साइबर अपराधियों से सतर्क रहने की सलाह दी।मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद तन, मन और धन तीनों का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। उन्होंने कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि इस माह सेवानिवृत्त होने वालों में राजपत्रित अधिकारी राजेश कुशवाहा सहित नारद मुनि, संगीता सिंह, खड़क सिंह, विजय कुमार, गिरधर सिंह, राधेश्याम, सरोज एवं रेवती देवी शामिल हैं।उन्होंने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक के निर्देशानुसार इज्जतनगर मंडल में एक नई पहल शुरू की गई है, जिसके तहत सेवानिवृत्ति से रिक्त होने वाले पदों पर उसी तिथि को कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में लिख्मी सिंह मीना, नीतिश बाथम, गोपाल सिंह कार्की, गिरिराज किशोर एवं कौशल तिवारी सहित कई कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया।समारोह में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अरिजीत सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर उमेश चंद्र मिश्रा, मंडल वित्त प्रबंधक बी.एस. पवार, सहायक सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर सलिल श्रीवास्तव, सहायक कार्मिक अधिकारी शिशु ओम दीक्षित सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी, यूनियन प्रतिनिधि, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।