अपर महाप्रबंधक ने किया इज्जतनगर-टनकपुर रेलखंड का निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों का लिया जायजा

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने इज्जतनगर मंडल के दौरे के दौरान इज्जतनगर-टनकपुर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान अपर महाप्रबंधक ने रेलपथ के रख-रखाव, साफ-सफाई, राइडिंग क्वालिटी, सिग्नलों की स्थिति, रेलखंड में जारी कॉसन ऑर्डर, पुलों एवं समपारों की स्थिति का गहन अवलोकन किया। उन्होंने सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।इसके अलावा उन्होंने पीलीभीत एवं टनकपुर रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। स्टेशन परिसरों की स्वच्छता, यात्री सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को भी परखा गया।अपर महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पीलीभीत एवं टनकपुर स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ जल्द मिल सके।यह जानकारी वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक इज्जतनगर मंडल संजीव शर्मा द्वारा दी गई।