डीआरएम ने सुरक्षा, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के दिए निर्देश

डीआरएम ने सुरक्षा, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के दिए निर्देश

यात्री सुविधाओं को लेकर वाणिज्य विभाग के साथ समीक्षा बैठक आयोजित

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने वाणिज्य विभाग के अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं और व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

समीक्षा बैठक के दौरान स्टेशनों की स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल सुविधा, प्रतीक्षालयों की स्थिति, टिकटिंग व्यवस्था, खानपान सेवाएं, यात्री सूचना प्रणाली तथा स्टेशन परिसरों में उपलब्ध अन्य सुविधाओं की गुणवत्ता पर विशेष चर्चा की गई। डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि यात्री सुविधाओं के साथ सुरक्षा एवं संरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, सहायक वाणिज्य प्रबंधक सुरेंद्र सिंह तथा बी.के. गौड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

विभागों के बीच बेहतर तालमेल पर विशेष जोर

बैठक में स्टेशनों पर स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने, यात्री शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया। डीआरएम ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभागों के बीच तालमेल बेहद आवश्यक है।समीक्षा बैठक में आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और उच्चस्तरीय रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।