जोधपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा का डिजिटल पहरा, 400 सीसीटीवी कैमरों से होगी 24 घंटे निगरानी

जोधपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा का डिजिटल पहरा, 400 सीसीटीवी कैमरों से होगी 24 घंटे निगरानी

एयर कॉनकोर्स, एफओबी, प्लेटफॉर्म और यार्ड क्षेत्र तक रहेगा कैमरों का कवरेज

अत्याधुनिक कंट्रोल रूम से आरपीएफ करेगी चौबीसों घंटे सघन निगरानी

जोधपुर। जोधपुर रेलवे स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था का भी नया उदाहरण बनने जा रहा है। 474 करोड़ रुपये की लागत से चल रही मेगा रिडेवलपमेंट परियोजना के तहत स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए करीब 400 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिनसे स्टेशन परिसर और यार्ड क्षेत्र की 24 घंटे निगरानी की जाएगी।मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि जोधपुर स्टेशन पर लगाए जाने वाले हाई-रिजॉल्यूशन कैमरों की निगरानी के लिए एक अत्याधुनिक केंद्रीय कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। इस कंट्रोल रूम से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्मों और यार्ड क्षेत्र की संयुक्त रूप से चौबीसों घंटे सघन मॉनिटरिंग की जाएगी।उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे मुख्य स्टेशन भवन, द्वितीय प्रवेश द्वार, एयर कॉनकोर्स, फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट, एस्केलेटर, मल्टीलेवल कार पार्किंग, बुकिंग ऑफिस, प्रतीक्षालय, पार्सल कार्यालय सहित सभी प्लेटफॉर्मों पर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही यात्रियों की आवाजाही वाले प्रमुख मार्गों और रेलवे यार्ड क्षेत्र को भी निगरानी दायरे में शामिल किया जाएगा, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।रेलवे अधिकारियों के अनुसार आधुनिक निगरानी प्रणाली से स्टेशन परिसर में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण लगेगा तथा आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने में भी सहायता मिलेगी।

देश के प्रमुख सुरक्षित स्टेशनों में शामिल होगा जोधपुर

मेगा रिडेवलपमेंट परियोजना के तहत जोधपुर रेलवे स्टेशन को आधुनिक वास्तुकला एवं विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत नए स्टेशन भवन, विशाल एयर कॉनकोर्स, अत्याधुनिक प्रतीक्षालय, लिफ्ट-एस्केलेटर, मल्टीलेवल पार्किंग सहित कई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के अनुसार परियोजना पूर्ण होने के बाद जोधपुर रेलवे स्टेशन सुविधा, सुरक्षा और आधुनिकता के मामले में देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल होगा।