वैष्णो देवी यात्रा में दिखा उत्साह, सुविधाओं से खुश श्रद्धालु

जयकारों से गूंज उठा वैष्णो देवी यात्रा मार्ग, श्रद्धालुओं में दिखा अपार उत्साह

कटड़ा। पवित्र श्री माता वैष्णो देवी भवन की यात्रा इन दिनों भक्तिमय माहौल के बीच जारी है। धर्मनगरी कटड़ा में मां वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर बना हुआ है। यात्रा मार्ग लगातार जय माता दी के जयकारों से गूंज रहा है और प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु माता के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंच रहे हैं।

हालांकि पिछले कुछ दिनों में यात्रियों की संख्या में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद रोजाना करीब 30 से 35 हजार श्रद्धालु यात्रा कर रहे हैं। मंगलवार शाम 5 बजे तक लगभग 27 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर आरएफआईडी कार्ड लेने के बाद भवन की ओर रवाना हो चुके थे, जबकि देर रात तक यात्रियों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा।

इन दिनों बढ़ती गर्मी और उमस के कारण दिन के समय यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर में तेज धूप के चलते भवन की चढ़ाई चुनौतीपूर्ण हो रही है, लेकिन सुबह और शाम के समय चलने वाली ठंडी हवाएं यात्रियों को राहत दे रही हैं। यही वजह है कि अधिकतर श्रद्धालु सुबह जल्दी या देर शाम यात्रा शुरू करना पसंद कर रहे हैं।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से सुरक्षा, स्वास्थ्य और सफाई व्यवस्था को मजबूत किया गया है। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह चिकित्सा सहायता, पेयजल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

यात्रियों की सुविधा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा, अर्धकुवारी से भवन तक बैटरी कार सेवा तथा भवन से भैरव घाटी तक रोपवे सेवा सुचारू रूप से संचालित हो रही है। इसके अलावा घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाएं भी श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध हैं, जिनका लाभ विशेष रूप से बुजुर्ग, बच्चे और अस्वस्थ यात्री उठा रहे हैं।श्रद्धालुओं की लगातार आमद से कटड़ा के होटल, लंगर और बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं और धार्मिक पर्यटन से कारोबार को अच्छा बढ़ावा मिल रहा है। मां वैष्णो देवी की यात्रा एक बार फिर श्रद्धा, आस्था और भक्ति का भव्य संगम बनती नजर आ रही है।