आंगनबाड़ी केंद्र में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, सामान जलकर राख

खुटार, शाहजहांपुर।क्षेत्र के गांव हरनहाई के प्राथमिक विद्यालय द्वितीय स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में बुधवार सुबह अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे केंद्र में रखा सामान जलकर राख हो गया।घटना केंद्र खुलने के समय से पहले की है। उस समय केंद्र में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने आंगनवाड़ी केंद्र के बाहर धुआं उठता देखा जानकारी लगने पर तुरंत आंगनवाड़ी कार्यकत्री व अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। तत्काल विद्युत सप्लाई को काटा गया और आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक केंद्र में रखे खिलौने, कुर्सियां व अन्य आवश्यक सामग्री जल चुकी थी।घटना की सूचना आंगनवाड़ी कार्यकत्री द्वारा संबंधित अधिकारियों को दी गई। आग लगने के कारणों में शॉर्ट सर्किट को मुख्य वजह माना जा रहा है।