तिरुपति-रक्सौल साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू, नागपुर मंडल सहित यात्रियों को मिलेगा लाभ

नागपुर। दक्षिण मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल संपर्क को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 17433/17434 तिरुपति-रक्सौल-तिरुपति साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन वर्तमान में संचालित विशेष ट्रेन संख्या 07051/07152 तिरुपति-रक्सौल-तिरुपति साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के स्थान पर नियमित रूप से संचालित की जाएगी।रेलवे प्रशासन के अनुसार ट्रेन संख्या 17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस 01 जून 2026 से प्रत्येक सोमवार को तिरुपति से प्रातः 8:15 बजे रवाना होगी, जबकि ट्रेन संख्या 17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस 04 जून 2026 से प्रत्येक गुरुवार को रक्सौल से संचालित की जाएगी।यह साप्ताहिक एक्सप्रेस दक्षिण भारत, मध्य भारत और बिहार के बीच रेल संपर्क को और मजबूत बनाएगी। ट्रेन का ठहराव रेणिगुंटा, गुंतकल, रायचूर, सिकंदराबाद, काजीपेट, बल्हारशाह, गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, राउरकेला, रांची, धनबाद, बरौनी, समस्तीपुर, दरभंगा और सीतामढ़ी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर दिया गया है।रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस नियमित सेवा से नागपुर मंडल के गोंदिया स्टेशन सहित मध्य भारत एवं दक्षिण भारत के यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी। बिहार और दक्षिण भारत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अब बेहतर और नियमित रेल सेवा उपलब्ध हो सकेगी।ट्रेन 24 आईसीएफ कोचों के साथ संचालित होगी, जिसमें एसी एवं स्लीपर श्रेणी के साथ सामान्य श्रेणी के डिब्बे भी शामिल रहेंगे। कोच संरचना में 3 एसी कोच, 5 एसी थ्री टियर, 10 स्लीपर कोच तथा 4 सामान्य श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे।रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व ट्रेन के समय, ठहराव और आरक्षण संबंधी जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट अथवा NTES के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें।