ईमानदारी की मिसाल बनी रोडवेज सेवा, यात्री का पैसों और जरूरी दस्तावेजों से भरा पर्स लौटाया

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस संख्या UP78LT 4465 में यात्रा कर रहे स्टेशन मास्टर निशांत शर्मा का पैसों एवं महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा पर्स शनिवार को बस में गिर गया। पर्स मिलने के बाद रोडवेज कर्मचारियों की सतर्कता और ईमानदारी से उसे सुरक्षित रखते हुए मुरादाबाद इंचार्ज के समक्ष यात्री को वापस सौंप दिया गया।पर्स वापस मिलने पर यात्री निशांत शर्मा ने रोडवेज कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए उनकी ईमानदारी और जिम्मेदारी की सराहना की। इस घटना ने परिवहन निगम की सकारात्मक कार्यशैली और यात्रियों के प्रति संवेदनशीलता को उजागर किया है।क्षेत्रीय प्रबंधक अनुराग यादव ने कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि निगम यात्रियों की सुरक्षा और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की ईमानदारी और तत्परता से निगम की छवि मजबूत होती है तथा यात्रियों का भरोसा भी बढ़ता है।इस सराहनीय कार्य की क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा हो रही है।