प्रयागराज जंक्शन पर चला स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता अभियान

प्रयागराज जंक्शन पर चला स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता अभियान

विश्व पर्यावरण दिवस के तहत यात्रियों को कचरा पृथक्करण और प्लास्टिक मुक्त वातावरण का दिया संदेश

प्रयागराज मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अंतर्गत प्रयागराज जंक्शन स्टेशन पर विशेष स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रियों एवं रेलवे कर्मचारियों के बीच पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

अभियान के दौरान यात्रियों और कर्मचारियों को जैविक एवं अजैविक कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने यात्रियों से स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। यात्रियों को उपयोग किए गए कचरे को निर्धारित कूड़ेदान में डालने तथा एकल उपयोग वाले प्लास्टिक के प्रयोग से बचने के लिए जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि कचरे का सही निस्तारण और प्लास्टिक के सीमित उपयोग जैसे छोटे-छोटे प्रयास पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

रेल प्रशासन द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सतत विकास से जुड़े विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित हो सके।

इस अवसर पर प्रयागराज जंक्शन के स्टेशन निदेशक सुमन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।