प्रयागराज मंडल में ‘क्लाइमेट चेंज’ थीम पर मनाया जा रहा विश्व पर्यावरण दिवस, 5 जून तक चलेगा विशेष अभियान

प्रयागराज। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में दिनांक 15 मई 2026 से 5 जून 2026 तक क्लाइमेट चेंज थीम पर विश्व पर्यावरण दिवस अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत पर्यावरण अनुकूल उत्पादों के उपयोग, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता तथा प्लास्टिक मुक्त रेलवे परिसर बनाने के लिए लगातार गतिविधियां की जा रही हैं।रेल प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इस दौरान रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों एवं कार्यालय परिसरों में स्वच्छता, प्लास्टिक उन्मूलन, जल एवं ऊर्जा संरक्षण तथा सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मिशन लाइफ एवं विश्व पर्यावरण दिवस-2026 की थीम के अंतर्गत पोस्टर, बैनर और डिजिटल संदेशों के माध्यम से जलवायु परिवर्तन, सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभाव और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। यात्रियों एवं कर्मचारियों को पुन: उपयोग योग्य बोतल, बैग और कंटेनर अपनाने के साथ-साथ डिजिटल टिकटिंग और पेपरलेस यात्रा के लिए प्रेरित किया जा रहा है।अभियान के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही कचरा पृथक्करण और उचित निस्तारण को लेकर भी जागरूकता बढ़ाई जा रही है। आईआरसीटीसी एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के सहयोग से जैव-अवक्रमणीय सामग्री और गैर-प्लास्टिक उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। रेलवे परिसरों में प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों की समीक्षा, जल पुनर्भरण केंद्रों का निरीक्षण तथा यात्रियों को अपनी पानी की बोतल साथ रखने और पुनः भरने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही स्टेशनों पर दुकानदारों एवं सेवा प्रदाताओं को सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करने हेतु संवेदनशील बनाया जा रहा है।प्रयागराज मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर ?एक पेड़ मां के नाम? अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों एवं पार्कों में हरित और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।वन स्टेशन वन प्रोडक्ट योजना के तहत कपड़े एवं जूट के बैग तथा पर्यावरण अनुकूल उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल पुनर्चक्रण, ऊर्जा संरक्षण, एलईडी के उपयोग तथा अनावश्यक विद्युत उपकरणों को बंद रखने के लिए भी जागरूकता अभियान जारी है।रेल प्रशासन ने बताया कि इस अभियान के समापन पर 5 जून 2026 को रेलवे स्टेशनों, कार्यस्थलों एवं स्थानीय क्षेत्रों में स्काउट्स, एनसीसी, सामाजिक संगठनों, विद्यालयों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से बड़े स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्टेशनों, मंडलों एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

अमित कुमार सिंह जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज मंडल