भारत स्काउट एवं गाइड ट्रेनिंग सेंटर मथुरा में बेसिक गाइड कैप्टन एवं रेंजर लीडर कोर्स सम्पन्न

उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय प्रयागराज के तत्वावधान में भारत स्काउट एवं गाइड ट्रेनिंग सेंटर मथुरा में आयोजित सात दिवसीय बेसिक गाइड कैप्टन ट्रेनिंग एवं बेसिक रेंजर लीडर कोर्स का समापन 21 मई को सर्वधर्म प्रार्थना के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 मई से 21 मई 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें गाइड विंग के अंतर्गत 12 बेसिक गाइड कैप्टन एवं 8 बेसिक रेंजर लीडर प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के लिए भारत स्काउट एवं गाइड की सुश्री ज्योति यादव (सहायक ट्रेनर लीडर रेंजर) तथा श्रीमती प्रियंका महराज (सहायक लीडर ट्रेनर/गाइड लीडर रेंजर) को लीडर ऑफ द कोर्स (LOC) नियुक्त किया गया था।प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को व्यवहारिक एवं प्रभावशाली तरीके से विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान कंपास एवं दिशा ज्ञान, प्राथमिक उपचार, खोज के चिन्ह, टेंट लगाना तथा विषम परिस्थितियों में बिना बर्तन के लकड़ी पर भोजन तैयार करने जैसी उपयोगी एवं चुनौतीपूर्ण गतिविधियों का अभ्यास कराया गया।इस अवसर पर सहयोगी सदस्य मंजू जोशी,डिम्पल राजपूत (HWB रेंजर लीडर), ज्योति कुमारी (HWB गाइड) एवं प्रियंका कुमारी राय (HWB गाइड) ने भी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों के अलावा सहायक लीडर, क्वार्टर एवं सर्विस स्टाफ सहित कुल 50 सदस्यों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के सफल आयोजन का श्रेय लीडर ऑफ द कोर्स प्रियंका महराज एवं ज्योति यादव को दिया गया, जिनके कुशल मार्गदर्शन, समर्पण एवं अनुशासित संचालन से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।