24 मई को सेंट्रल रेलवे का मेगा ब्लॉक, कई लोकल सेवाएं रहेंगी प्रभावित

मुंबई। सेंट्रल रेलवे के मुंबई मंडल द्वारा 24 मई 2026, रविवार को उपनगरीय रेल खंडों पर इंजीनियरिंग एवं रखरखाव कार्यों के लिए मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान मेन लाइन और हार्बर लाइन की कई लोकल सेवाएं प्रभावित रहेंगी तथा यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्थाओं का सहारा लेना होगा।सेंट्रल रेलवे के अनुसार मेन लाइन पर माटुंगा से मुलुंड के बीच अप एवं डाउन स्लो लाइनों पर सुबह 11:05 बजे से दोपहर 3:55 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान सीएसएमटी से रवाना होने वाली डाउन स्लो लाइन की सेवाओं को माटुंगा और मुलुंड के बीच फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं ठाणे से चलने वाली अप स्लो लाइन सेवाएं भी मुलुंड से माटुंगा के बीच फास्ट लाइन से संचालित होंगी। इन ट्रेनों को गंतव्य तक पहुंचने में लगभग 15 मिनट की अतिरिक्त देरी हो सकती है।ब्लॉक अवधि के दौरान विद्याविहार, कांजुरमार्ग और नाहुर स्टेशनों पर अप एवं डाउन दोनों दिशाओं की लोकल ट्रेनें नहीं रुकेंगी। इसके अलावा सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे के बीच सीएसएमटी आने-जाने वाली अधिकांश सेवाएं देरी से चलेंगी।हार्बर लाइन पर सीएसएमटी से चुनाभट्टी/बांद्रा डाउन लाइन पर सुबह 11:40 बजे से शाम 4:40 बजे तक तथा अप लाइन पर सुबह 11:10 बजे से शाम 4:10 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान सीएसएमटी से वाशी, बेलापुर, पनवेल, बांद्रा और गोरेगांव जाने वाली कई सेवाएं रद्द रहेंगी। वहीं पनवेल, बेलापुर, वाशी, गोरेगांव और बांद्रा से सीएसएमटी आने वाली लोकल सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी।यात्रियों की सुविधा के लिए ब्लॉक अवधि में पनवेल और कुर्ला (प्लेटफॉर्म संख्या-8) के बीच हर 20 मिनट पर विशेष लोकल सेवाएं चलाई जाएंगी। साथ ही हार्बर लाइन के यात्रियों को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक मेन लाइन और वेस्टर्न रेलवे से यात्रा करने की अनुमति दी गई है।सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला ने बताया कि यह मेगा ब्लॉक रेल संरचना के रखरखाव और सुरक्षा के लिए आवश्यक है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग एवं असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।