श्रद्धालुओं को समर्पित हुआ नया वैष्णवी भवन, माता वैष्णो देवी भवन क्षेत्र में बढ़ेंगी सुविधाएं

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को पवित्र श्री माता वैष्णो देवी मंदिर परिसर में नवनिर्मित वैष्णवी भवन को श्रद्धालुओं को समर्पित किया। इस अवसर पर उपराज्यपाल ने कहा कि नई सुविधा से भवन क्षेत्र में श्रद्धालुओं के ठहरने की क्षमता बढ़ेगी और यात्रियों को आधुनिक एवं आरामदायक सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए यह परियोजना काफी महत्वपूर्ण है। यह भवन भवन क्षेत्र और आसपास के विस्तारित मास्टर प्लान के तहत विकसित किया गया है। पहले जिस पन्नीशाला क्षेत्र का उपयोग कर्मचारियों के आवास के रूप में किया जाता था, उसे अब यात्री एवं स्टाफ आवास परिसर के रूप में विकसित किया गया है।

करीब 45,784 वर्ग फुट क्षेत्र में बने इस आधुनिक वैष्णवी भवन में श्रद्धालुओं के लिए 78 सुसज्जित कमरे उपलब्ध कराए गए हैं। भवन निर्माण कार्य फरवरी 2024 में शुरू हुआ था और लगभग दो वर्षों में इसे पूरा कर लिया गया।

भवन के ग्राउंड फ्लोर पर रिसेप्शन, प्रतीक्षालय, प्रबंधक कार्यालय और स्टाफ मैस के साथ रसोईघर बनाया गया है, जिससे संचालन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। वहीं श्रद्धालुओं और कर्मचारियों के लिए छत पर भोजनालय की भी व्यवस्था की गई है।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम आवाजाही को ध्यान में रखते हुए भवन में कुल पांच लिफ्ट लगाई गई हैं। इनमें तीन यात्री लिफ्ट, एक सर्विस लिफ्ट तथा एक कनेक्टिंग लिफ्ट शामिल है, जो इस भवन को पार्वती भवन से जोड़ती है।

इस दौरान उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने माता वैष्णो देवी के दरबार में पूजा-अर्चना भी की और जम्मू-कश्मीर की शांति, समृद्धि तथा सभी लोगों के सुख-समृद्धि की कामना की।

उद्घाटन समारोह में स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरिजी महाराज, डॉ. अशोक भान, सुरेश कुमार शर्मा, ललित भसीन, कुलभूषण आहूजा, डॉ. मनदीप के. भंडारी, भीम सेन टूटी, रमेश कुमार, सचिन कुमार वैश्या सहित श्राइन बोर्ड, पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।