अब वैष्णो देवी से सिर्फ 20 मिनट में शिवखोड़ी दर्शन, कटड़ा से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू

कटड़ा। माता वैष्णो देवी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब बाबा शिवखोड़ी के दर्शन करना पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा। कटड़ा से शिवखोड़ी तक सीधी हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने जा रही है। इसके लिए कटड़ा के हट क्षेत्र में बनाए गए अत्याधुनिक हेलीपैड का उद्घाटन जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल Manoj Sinha ने किया।

करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस आधुनिक हेलीपैड का निर्माण Shri Mata Vaishno Devi Shrine Board और Shiv Khori Shrine Board द्वारा संयुक्त रूप से कराया गया है। यह परियोजना धार्मिक पर्यटन को नई रफ्तार देने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की यात्रा को बेहद सुगम बनाएगी।

ढाई घंटे का सफर अब सिर्फ 20 मिनट में

अब तक श्रद्धालुओं को कटड़ा या जम्मू से शिवखोड़ी पहुंचने में सड़क मार्ग से करीब ढाई से तीन घंटे तक का समय लगता था, लेकिन हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने के बाद यह दूरी महज 20 मिनट में पूरी हो सकेगी। खासतौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे श्रद्धालुओं के लिए यह सेवा बड़ी राहत साबित होगी।

कितना होगा किराया?

जानकारी के मुताबिक इससे पहले भी वर्ष 2010 में कटड़ा-शिवखोड़ी हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की गई थी। उस समय आने-जाने का किराया प्रति श्रद्धालु लगभग 8500 रुपये था। अब नई सेवा में किराया 8 हजार से 10 हजार रुपये के बीच रहने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि आधिकारिक किराए की घोषणा अभी बाकी है।

डीजीसीए मानकों के अनुसार बना हेलीपैड

उद्घाटन के दौरान उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि हेलीपैड का निर्माण नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के सभी सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर सेवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए यह परियोजना शुरू की गई है, जिससे न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय लोगों के रोजगार और व्यापार को भी नई मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर श्राइन बोर्ड के सीईओ सचिन कुमार वैश्य सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।