फिरोजपुर मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन गतिविधियां आयोजित

फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल द्वारा 15 मई से 5 जून तक चलाए जा रहे विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत विभिन्न जन-जागरूकता एवं स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 19 मई से 21 मई तक मंडल में स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया।अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाए गए, जिसमें कचरा प्रबंधन, साफ-सफाई तथा प्लास्टिक मुक्त वातावरण को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। यात्रियों को कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक करते हुए सूखे एवं गीले कचरे के उचित निस्तारण की जानकारी दी गई।मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर कचरा पृथक्करण हेतु डस्टबिन स्थापित किए गए हैं, जिससे यात्री स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय योगदान दे सकें। साथ ही बैनर, पोस्टर एवं पंफलेट के माध्यम से व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।इस अभियान में पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधन, इंजीनियरिंग विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इसके अलावा स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं को भी अभियान से जोड़कर जनभागीदारी को बढ़ावा दिया गया।21 मई को विशेष रूप से प्लास्टिक मुक्त एवं पर्यावरण अनुकूल कटलरी के उपयोग को प्रोत्साहित करने हेतु अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे स्टेशनों पर स्थित खान-पान स्टॉलों एवं पैंट्रीकारों में बायोडिग्रेडेबल तथा गैर-प्लास्टिक कटलरी के उपयोग को बढ़ावा दिया गया।फिरोजपुर मंडल ने सभी यात्रियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित रेलवे परिसर बनाए रखने में सहयोग करें तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।