रेलयात्रियों के लिए राहत: फिरोजपुर मंडल ने शुरू की 08 जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनें

फिरोजपुर। गर्मी की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल द्वारा रेलयात्रियों की सुविधा के लिए 08 जोड़ी समर स्पेशल रेलगाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। इन विशेष ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने में राहत मिल रही है और यात्रा अधिक सुगम व सुविधाजनक बन रही है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार ग्रीष्मकाल में यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में अचानक वृद्धि हो जाती है, जिससे नियमित ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची की स्थिति बन जाती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा समर स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया है, ताकि यात्रियों को समय पर यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

रेल अधिकारियों द्वारा यात्रियों की संख्या और ट्रेनों की स्थिति पर लगातार उच्च स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विशेष रेलगाड़ियों का संचालन जारी रखा गया है।

फिरोजपुर मंडल में वर्तमान में संचालित 08 जोड़ी समर स्पेशल रेलगाड़ियों का विवरण इस प्रकार है?

05736/05735 अमृतसर-कटिहार

04081/04082 नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा

04610/04609 अमृतसर-बरौनी

05193/05194 पठानकोट-छपरा

04624/04623 अमृतसर-कोलकाता

04620/04619 फिरोजपुर कैंट-झंझारपुर

04616/04615 फिरोजपुर कैंट-पटना

04651/04652 अमृतसर-जयनगर

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने बताया कि इन समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को प्रतीक्षा सूची से राहत मिल रही है तथा यात्रा अधिक आरामदायक बन रही है। रेलवे का प्रयास है कि यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करते हुए यात्रा को सुचारू बनाए रखा जाए।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की जानकारी लेकर ही टिकट बुक कराएं तथा रेलवे द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।