मंडल रेलवे अस्पताल फिरोजपुर में पी.आर.पी. थेरेपी की शुरुआत, मरीजों को मिलेगा आधुनिक उपचार

फिरोजपुर। मंडल रेलवे अस्पताल फिरोजपुर ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पी.आर.पी. (प्लेटलेट रिच प्लाज्मा) थेरेपी की शुरुआत कर दी है। इस आधुनिक चिकित्सा पद्धति से अब मरीजों का उपचार उनके अपने प्लेटलेट्स के माध्यम से किया जाएगा, जिससे शरीर की प्राकृतिक हीलिंग प्रक्रिया को बढ़ावा मिलेगा और तेजी से राहत मिल सकेगी।

विशेषज्ञ ऑपरेटिंग सर्जन डॉ. अमित शेरसिया ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजना सहगल के मार्गदर्शन में इस आधुनिक तकनीक को मंडल रेलवे अस्पताल फिरोजपुर में प्रारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि पी.आर.पी. थेरेपी शरीर की प्राकृतिक और बायोलॉजिकल हीलिंग प्रक्रिया पर आधारित है। इसमें मरीज के खून से प्लेटलेट्स तैयार कर उन्हें प्रभावित हिस्से में इंजेक्ट किया जाता है, जिससे ग्रोथ फैक्टर्स तेजी से सक्रिय होकर उपचार में सहायता करते हैं।

डॉ. शेरसिया के अनुसार यह थेरेपी विशेष रूप से ऑस्टियोआर्थराइटिस, टेनिस एल्बो, गोल्फर्स एल्बो, घुटनों के आगे दर्द, एड़ी का दर्द, लिगामेंट की चोट, खेलों से जुड़ी चोटें, तथा रोटेटर कफ टियर के कारण कंधे के दर्द जैसी समस्याओं में बेहद लाभकारी सिद्ध हो रही है।

उन्होंने बताया कि इस उपचार के लिए देश के प्रमुख अस्पतालों में उपयोग होने वाली आधुनिक तकनीक, उच्च गुणवत्ता वाले उपकरण और विशेष किटों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पी.आर.पी. थेरेपी की शुरुआत के पहले ही दिन पांच मरीजों का सफलतापूर्वक उपचार किया गया।

रेलवे अस्पताल में इस नई सुविधा के आरंभ होने से क्षेत्र के मरीजों को अब आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा, जिससे उन्हें इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।