23 मई को 51,000 से अधिक युवाओं को मिलेगा नियुक्ति पत्र, देशभर में 19वां रोजगार मेला आयोजित

अहमदाबाद। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण पहल के तहत 23 मई 2026 को देशभर में 19वां रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सुबह 11:00 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेलवे सहित विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित 51,000 से अधिक नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे तथा उन्हें संबोधित भी करेंगे।यह रोजगार मेला देश के 47 स्थानों पर एक साथ आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों?जैसे रेल मंत्रालय, संचार मंत्रालय (डाक विभाग), रक्षा मंत्रालय, वित्तीय सेवाएं विभाग सहित अन्य विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्त किया जा रहा है।सरकारी आंकड़ों के अनुसार, रोजगार मेलों के माध्यम से अब तक 11.50 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं। यह अभियान देश में रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सरकार की नीति का हिस्सा माना जा रहा है।इसी क्रम में पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में भी रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जहां कुल 115 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इनमें रेलवे विभाग के 66, वित्तीय सेवा विभाग के 39, डाक विभाग के 09 तथा रक्षा मंत्रालय का 01 अभ्यर्थी शामिल हैं।अहमदाबाद में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय एवं राज्य सरकार के कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे, जिनमें केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा निखिल खडसे, गुजरात की शहरी विकास एवं आवास राज्य मंत्री श्रीमती दर्शना बेन वाघेला, सांसद दिनेशभाई मकवाणा, सांसद हंसमुखभाई पटेल, राज्यसभा सांसद नरहरि अमीन तथा विधायक दिनेशसिंह कुशवाह सहित अन्य अतिथि शामिल होंगे।कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह पहल युवाओं को सशक्त बनाने और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।