गोरखपुर स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज निर्माण कार्य, यात्रियों को जल्द मिलेगी बड़ी सुविधा

पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म संख्या 7 एवं 8 पर फुट ओवर ब्रिज (एफओबी-ए) के नींव निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसके चलते अहमदाबाद मंडल की कुछ ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किए गए हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह कार्य पूरा होने के बाद यात्रियों को प्लेटफॉर्मों के बीच आने-जाने में अधिक सहूलियत मिलेगी और स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन व सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी।

ब्लॉक अवधि के दौरान कुछ ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट/शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया है, वहीं कुछ ट्रेनों को विस्तारित कर अतिरिक्त स्टेशनों पर ठहराव की सुविधा दी गई है।

शॉर्ट टर्मिनेट/शॉर्ट ओरिजिनेट ट्रेनें

29 मई 2026 से 07 जून 2026 के बीच यात्रा प्रारंभ करने वाली ट्रेन संख्या 19489 अहमदाबाद?गोरखपुर एक्सप्रेस को गोरखपुर कैंट स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। यह ट्रेन गोरखपुर कैंट और गोरखपुर के बीच आंशिक रूप से निरस्त रहेगी।

इसी प्रकार 30 मई 2026 से 08 जून 2026 के बीच यात्रा प्रारंभ करने वाली ट्रेन संख्या 19490 गोरखपुर?अहमदाबाद एक्सप्रेस गोरखपुर कैंट स्टेशन से रात 21:40 बजे शॉर्ट ओरिजिनेट होगी तथा गोरखपुर और गोरखपुर कैंट के बीच आंशिक रूप से निरस्त रहेगी।

विस्तारित ट्रेनें

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 28 मई 2026 से 06 जून 2026 के बीच यात्रा प्रारंभ करने वाली ट्रेन संख्या 19409 साबरमती?गोरखपुर एक्सप्रेस को छपरा तक विस्तारित किया है। यह ट्रेन छपरा स्टेशन पर रात 21:25 बजे पहुंचेगी तथा गोरखपुर के बाद देवरिया सदर और सिवान स्टेशन पर भी ठहराव करेगी।

वहीं 30 मई 2026 से 08 जून 2026 के बीच यात्रा प्रारंभ करने वाली ट्रेन संख्या 19410 गोरखपुर?साबरमती एक्सप्रेस अब गोरखपुर के बजाय छपरा स्टेशन से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन छपरा से रात 01:00 बजे रवाना होगी और गोरखपुर से पहले सिवान एवं देवरिया सदर स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन की स्थिति और समय की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट अथवा हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त कर लें। रेलवे ने विश्वास जताया कि यह कार्य पूर्ण होने के बाद गोरखपुर स्टेशन पर यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।