कच्छ से दिल्ली की यात्रा अब और आसान, भुज–दिल्ली दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा का शुभारंभ

कच्छ से दिल्ली की यात्रा अब और आसान, भुज?दिल्ली दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा का शुभारंभ

अहमदाबाद। रेल यात्रियों की सुविधा और कच्छ क्षेत्र को देश की राजधानी दिल्ली से बेहतर एवं सीधा रेल संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में भारतीय रेल ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। 22 मई 2026 को भुज और दिल्ली के बीच नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया जाएगा।

इस नई ट्रेन सेवा को रेल मंत्रीनअश्विनी वैष्णव एवं गुजरात के माननीय मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर भुज स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद (कच्छ) विनोद एल. चावड़ा, विधायक (भुज) केशुभाई शिवदास पटेल सहित पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय, मंडल रेल प्रबंधक अहमदाबाद वेद प्रकाश सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

उद्घाटन एवं नियमित सेवा

उद्घाटन के रूप में गाड़ी संख्या 09403 भुज?दिल्ली उद्घाटन स्पेशल 22 मई को भुज से 16:30 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 16:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

वहीं नियमित सेवा के तहत गाड़ी संख्या 19403/19404 भुज?दिल्ली?भुज एक्सप्रेस 23 मई 2026 से प्रतिदिन संचालित होगी। भुज से यह ट्रेन 11:15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी, जबकि वापसी में दिल्ली से यह 16:40 बजे चलकर अगले दिन 19:35 बजे भुज पहुंचेगी।

यह ट्रेन अंजार, गांधीधाम, भचाऊ, भीलड़ी, जालोर, समदड़ी, अजमेर, जयपुर, अलवर, रेवाड़ी सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे गुजरात, राजस्थान और हरियाणा के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा।

क्षेत्रीय विकास को मिलेगा बढ़ावा

नई दैनिक एक्सप्रेस सेवा से कच्छ और दिल्ली के बीच सीधा और सुगम संपर्क स्थापित होगा, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी।

यह सेवा न केवल व्यापार और उद्योग को नई गति देगी, बल्कि कच्छ के हस्तशिल्प, कपड़ा उद्योग और स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में भी सहायक साबित होगी।

पर्यटन क्षेत्र में भी इस रेल सेवा से बढ़ोतरी की उम्मीद है, विशेषकर ?रण उत्सव? जैसे आयोजनों और कच्छ की सांस्कृतिक विरासत को देखने आने वाले पर्यटकों के लिए यह एक बड़ा लाभ साबित होगी।

इसके साथ ही छात्रों, मरीजों और धार्मिक यात्रियों को भी इस दैनिक ट्रेन सेवा से सीधा लाभ मिलेगा, जिससे उनकी यात्रा अधिक सरल और किफायती हो जाएगी।

भारतीय रेल की यह पहल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।