बकाया भुगतान को लेकर आशाओं और एनएचएम कर्मियों का धरना शुरू

सुमित गर्ग संवाददाता

खेरागढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खेरागढ़ में गुरुवार को एनएचएम कर्मचारियों और आशा कार्यकर्ताओं का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब दो माह से वेतन और मानदेय न मिलने के विरोध में उन्होंने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों और आशा बहनों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए लंबित भुगतान जल्द जारी करने की मांग उठाई।

धरने पर बैठीं आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे गांव-गांव जाकर गर्भवती महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का कार्य पूरी जिम्मेदारी के साथ कर रही हैं। इसके बावजूद उन्हें समय पर मानदेय और प्रोत्साहन राशि नहीं मिल पा रही है, जिससे आर्थिक परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।

एनएचएम कर्मचारियों ने बताया कि वे स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ बनकर लगातार सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन महीनों से वेतन अटका होने के कारण परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि कई बार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि समस्त बकाया वेतन, मानदेय और प्रोत्साहन राशि तत्काल जारी की जाए। साथ ही भविष्य में समय से भुगतान सुनिश्चित किया जाए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।