विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान: इज्जतनगर मंडल में अपशिष्ट पृथक्करण को लेकर चला विशेष जागरूकता अभियान

बरेली। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के अंतर्गत इज्जतनगर रेल मंडल द्वारा स्वच्छता एवं अपशिष्ट पृथक्करण को बढ़ावा देने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाना है।

मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में अभियान के पांचवें दिन रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों तथा वेंडरों को कचरे के सही निस्तारण और अपशिष्ट पृथक्करण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के तहत हल्द्वानी, लालकुआँ, काठगोदाम, रुद्रपुर सिटी, बरेली सिटी, कासगंज, हाथरस, काशीपुर, फर्रुखाबाद, फतेहगढ़, कन्नौज, इज्जतनगर एवं पीलीभीत स्टेशनों पर रंग-कोडित डस्टबिनों के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। यात्रियों को बताया गया कि रेलवे स्टेशनों पर लगाए गए डस्टबिनों का सही उपयोग करने से कचरे का वैज्ञानिक और प्रभावी निस्तारण संभव होगा।

रेल प्रशासन ने बताया कि हरे रंग के डस्टबिन का प्रयोग जैविक एवं गीले कचरे जैसे खाद्य अवशेष और अन्य जैविक पदार्थों के लिए किया जाता है। वहीं नीले रंग के डस्टबिन सूखे एवं पुनर्चक्रण योग्य कचरे जैसे प्लास्टिक बोतलें, कागज और धातु सामग्री के लिए निर्धारित हैं। जबकि पीले रंग के डस्टबिन घरेलू खतरनाक एवं स्वच्छता संबंधी अपशिष्ट जैसे मास्क एवं संक्रमित सामग्री के निस्तारण हेतु उपयोग किए जाते हैं।

स्टेशनों पर उद्घोषणाओं, पोस्टरों, बैनरों तथा डिजिटल संदेशों के माध्यम से यात्रियों को ?कचरे को स्रोत पर अलग करने? और रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान में रेलवे कर्मचारियों, हाउसकीपिंग स्टाफ एवं यात्रियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

रेलवे प्रशासन ने कहा कि यह अभियान भारतीय रेल के स्वच्छ एवं हरित रेलवे परिसर विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

यह जानकारी संजीव शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, इज्जतनगर द्वारा दी गई।