कटिहार-कुरेठा खंड में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य, कई ट्रेनों का समय बदला व मार्ग परिवर्तित

कटिहार-कुरेठा खंड में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य, कई ट्रेनों का समय बदला व मार्ग परिवर्तित

रीशेड्यूलिंग, रूट डायवर्जन और रेगुलेशन से रेल यातायात रहेगा प्रभावित

रेल प्रशासन ने यात्रियों को सूचित किया है कि पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार-कुरेठा खंड में दोहरीकरण कार्य के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा है। इस कारण कुछ ट्रेनों को रीशेड्यूल, मार्ग परिवर्तित तथा रेगुलेट करने का निर्णय लिया गया है।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 09526 नाहरलगुन-हापा स्पेशल 06 जून 2026 को नाहरलगुन से अपने निर्धारित समय 09:40 बजे के स्थान पर 12:15 बजे प्रस्थान करेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 12506 आनंद विहार टर्मिनल-कामाख्या एक्सप्रेस 10 और 11 जून 2026 को आनंद विहार टर्मिनल से निर्धारित समय 07:40 बजे के बजाय 09:40 बजे रवाना होगी। गाड़ी संख्या 15946 डिब्रूगढ़-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस 10 जून 2026 को डिब्रूगढ़ से 05:00 बजे के स्थान पर 07:00 बजे चलेगी। वहीं गाड़ी संख्या 04127 कानपुर सेंट्रल-गुवाहाटी स्पेशल 11 जून 2026 को कानपुर सेंट्रल से निर्धारित समय 08:00 बजे के बजाय 10:00 बजे प्रस्थान करेगी।

इसके अलावा कुछ ट्रेनों को ठाकुरगंज-पौआखाली-ठाकुरगंज के रास्ते परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। गाड़ी संख्या 22411 नाहरलगुन-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस 13 जून 2026 को परिवर्तित मार्ग से चलेगी और इस दौरान किशनगंज स्टेशन पर ठहराव नहीं रहेगा, जबकि पूर्णिया एवं ठाकुरगंज स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। इसी दिन गाड़ी संख्या 12424 नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस भी परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी, जिसमें किशनगंज स्टेशन पर ठहराव नहीं रहेगा।

रेलवे ने बताया कि गाड़ी संख्या 12506 आनंद विहार टर्मिनल-कामाख्या एक्सप्रेस 12 जून 2026 को 30 मिनट तक रेगुलेट रहेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की समय-सारिणी एवं मार्ग की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या रेलवे पूछताछ सेवा से प्राप्त कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।