मुरादाबाद में नया अग्निशमन केंद्र, अब आग भी बोलेगी- “माफ करो साहब!”

मुरादाबाद को जल्द मिलेगी बड़ी सौगात, दिल्ली रोड पर बनेगा नया आधुनिक अग्निशमन केंद्र

मुरादाबाद। जनपद मुरादाबाद में नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर अग्निशमन विभाग को दिल्ली रोड पर नए अग्निशमन केंद्र के लिए मिली भूमि पर मौजूद पेड़ों की कटाई हेतु नीलामी प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।नीलामी की कार्रवाई मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय तथा अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा की निगरानी में पूरी की गई। अधिकारियों के अनुसार यह प्रक्रिया नए अग्निशमन केंद्र के निर्माण को जल्द शुरू कराने के उद्देश्य से की गई है।दिल्ली रोड पर नया अग्निशमन केंद्र स्थापित होने से मुरादाबाद शहर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में आपात स्थिति के दौरान राहत कार्यों में तेजी आएगी। इससे फायर ब्रिगेड की पहुंच और रिस्पांस टाइम बेहतर होगा, जिससे आगजनी की घटनाओं में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।प्रशासन और अग्निशमन विभाग द्वारा जल्द ही निर्माण कार्य को गति देने की तैयारी की जा रही है। नए केंद्र के बनने से मुरादाबादवासियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर अग्निशमन सेवा उपलब्ध होगी, जिससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था एक नई मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी।