एनएफआर की आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई, चोरी के संदिग्ध गिरफ्तार कर यात्रियों की सुरक्षा की मजबूत मिसाल

मालीगांव। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक बार फिर प्रभावी कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों पर चोरी के मामलों में संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। आरपीएफ की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से यात्रियों के चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

12 मई 2026 को गुवाहाटी की एंटी-ड्रगिंग टीम ने ट्रेन संख्या 22450 (नई दिल्ली-गुवाहाटी) पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में एक व्यक्ति को यात्रियों का सामान चुराने के आरोप में पकड़ा। आरोपी के पास से करीब 30 हजार रुपये मूल्य के दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए। आरोपी को बरामद सामान सहित जीआरपी/गुवाहाटी को सौंप दिया गया, जहां भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

इसी दिन आरपीएफ/पोस्ट/कटिहार (पूर्व) के जवानों ने कटिहार रेलवे स्टेशन पर एक अन्य व्यक्ति को पकड़कर उसके पास से करीब 32 हजार रुपये मूल्य का चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया। इसके बाद आरोपी को जीआरपी/कटिहार को सौंप दिया गया और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

इसके बाद 13 मई 2026 को रंगिया की सीआईबी टीम ने रंगिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 15933 (न्यू तिनसुकिया-अमृतसर) एक्सप्रेस में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से करीब 25 हजार रुपये कीमत के दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए। आरोपी को आगे की कार्रवाई हेतु जीआरपी/रंगिया के हवाले कर दिया गया।

आरपीएफ की यह कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा, उनके सामान की रक्षा और रेलवे परिसर में अपराध पर नियंत्रण के लिए प्रतिबद्धता को दर्शाती है। एनएफआर ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे अधिकारियों को दें।

कपिंजल किशोर शर्मा मुख्य जनसंपर्क अधिकारी