विश्व पर्यावरण दिवस पर एनएफआर की बड़ी पहल, हरित रेलवे संचालन को मिलेगा बढ़ावा

जलवायु परिवर्तन पर विशेष जोर, एनएफआर 15 मई से 5 जून तक मनाएगा विश्व पर्यावरण दिवस-2026

मालीगांव। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) द्वारा 15 मई से 5 जून, 2026 तक अपने सभी मंडलों एवं इकाइयों में विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में जागरूकता कार्यक्रमों और पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य विषय ?जलवायु परिवर्तन? रखा गया है, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और आने वाली पीढ़ियों के लिए पृथ्वी की रक्षा करने की सामूहिक जिम्मेदारी पर विशेष जोर दिया जाएगा।एनएफआर प्रशासन का उद्देश्य रेल कर्मचारियों, यात्रियों और आम नागरिकों के बीच पर्यावरणीय स्थिरता, स्वच्छता, संरक्षण एवं जागरूकता को बढ़ावा देना है। इस दौरान पूरे एनएफआर नेटवर्क में पौधारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैलियां, सेमिनार तथा पर्यावरण अनुकूल पहलों का आयोजन किया जाएगा।रेलवे द्वारा प्लास्टिक उपयोग में कमी, रेलवे स्टेशनों व कॉलोनियों में स्वच्छता बनाए रखने, जल संरक्षण तथा रेलवे संचालन में हरित उपायों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान में रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ छात्रों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।कार्यक्रम के तहत स्टेशनों, रेल कॉलोनियों, कार्यालयों, कारखानों और अन्य रेल परिसरों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा, जिससे हरियाली बढ़े और पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना मजबूत हो।एनएफआर द्वारा लगातार विभिन्न पर्यावरण-अनुकूल उपाय अपनाए जा रहे हैं और पूर्वोत्तर क्षेत्र में सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल रेलवे संचालन के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई है।यह अभियान 5 जून, 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एनएफआर के सभी मंडलों में विशेष कार्यक्रमों, जागरूकता गतिविधियों एवं पर्यावरण संरक्षण शपथ के साथ संपन्न होगा।यह जानकारी कपिंजल किशोर शर्मा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने दी।