नई ट्रेनों, स्टेशन अपग्रेडेशन और कार्गो टर्मिनलों से बदलेगी तस्वीर रेल मंत्री बोले- राजस्थान में रेलवे विकास को मिली नई गति, जोधपुर मंडल को भी बड़ा फायदा

नई ट्रेनों, स्टेशन अपग्रेडेशन और कार्गो टर्मिनलों से बदलेगी तस्वीर

रेल मंत्री बोले- राजस्थान में रेलवे विकास को मिली नई गति, जोधपुर मंडल को भी बड़ा फायदा

जोधपुर। रेलवे के आधुनिकीकरण अभियान के तहत जोधपुर मंडल को बड़ी सौगातें मिल रही हैं। नई ट्रेनों के संचालन, स्टेशनों के पुनर्विकास और कार्गो टर्मिनलों की शुरुआत से मंडल की रेल कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हो रही है। इससे न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अलवर में शुक्रवार को 400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखने के बाद कहा कि राजस्थान में रेलवे विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं और इसका लाभ जोधपुर मंडल सहित पूरे प्रदेश को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि नई ट्रेनों, आधुनिक स्टेशनों और माल परिवहन ढांचे के विस्तार से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

रेल मंत्री ने जोधपुर मंडल का उल्लेख करते हुए कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बाड़मेर, जैसलमेर सहित कई स्टेशनों पर विकास कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं। वहीं जोधपुर मंडल के अन्य कई स्टेशन भी इस योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे हैं। स्टेशन भवनों के आधुनिकीकरण, यात्री सुविधाओं के विस्तार, बेहतर प्रतीक्षालय, लिफ्ट, पार्किंग और सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से जुड़े रेल मंत्री ने कहा कि दिल्ली कैंट-जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होने के बाद राजधानी दिल्ली तक यात्रा पहले से अधिक तेज और सुविधाजनक हो गई है। इसके अलावा जैसलमेर-दिल्ली स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस, हैदराबाद-भगत की कोठी एक्सप्रेस और पुणे-जोधपुर एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों ने लंबी दूरी के यात्रियों को बड़ी राहत दी है। इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ भी उपस्थित रहे।

माल परिवहन के क्षेत्र में भी जोधपुर मंडल को मजबूती

रेल मंत्री ने बताया कि माल परिवहन के क्षेत्र में भी जोधपुर मंडल को मजबूती मिली है। मारवाड़ मुंडवा, सोनू, हनवंत और केरला सहित कई स्थानों पर गति शक्ति कार्गो टर्मिनल शुरू किए गए हैं। इससे उद्योगों और व्यापारिक इकाइयों को तेज और सुगम परिवहन सुविधा मिल सकेगी।

रेलवे विकास कार्यों को मिली रफ्तार

रेलवे के अनुसार वर्ष 2014 के बाद राजस्थान में करीब 3900 किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाई गई है, जिसका लाभ जोधपुर मंडल को भी मिला है। इसके साथ ही लूनी-भीलड़ी रेलखंड का दोहरीकरण कार्य भी प्रगति पर है। रेलवे बजट में बढ़ोतरी के चलते मंडल में आधारभूत ढांचे और यात्री सुविधाओं के विकास कार्यों को गति मिली है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार आने वाले समय में इन योजनाओं के पूरा होने से जोधपुर मंडल में रेल सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी तथा यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।