हरदोई में युवती से मारपीट मामले में नया मोड़, पुलिस जांच में प्रेम-प्रसंग की बात आई सामने, पिछले तीन वर्षों से एक दूसरे को जानते थे दोनों

हरदोई। बेनीगंज थाना क्षेत्र में युवती के साथ मारपीट के मामले में पुलिस जांच के दौरान नया मोड़ सामने आया है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा पाया गया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता और आरोपी पिछले तीन वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और दोनों के बीच संबंध थे।
मामले में 11 मई 2026 को पुलिस को शिकायत मिली थी, जिसके बाद तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पीड़िता और उसके भाई ने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए निजी अंग पर हमला करने की बात कही थी। हालांकि चिकित्सीय परीक्षण में सामान्य चोटों की पुष्टि हुई थी।
सीओ हरियावां अजीत चौहान ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया। रिपोर्ट में सामान्य चोटें सामने आईं। बाद में पीड़िता के भाई द्वारा अतिरिक्त चोटों की जानकारी दी गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस जांच में अब तक यह तथ्य सामने आया है कि पीड़िता, उसका भाई और आरोपी पहले हरियाणा में एक साथ रहते थे। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हुआ था। हाल ही में दोनों की मुलाकात के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद मारपीट की घटना हुई।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट, बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।