डीजल शेड लुधियाना में विश्व पर्यावरण दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया गौरव पार्क में हुई प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, कर्मचारियों ने ली पर्यावरण संरक्षण की शपथ

डीजल शेड लुधियाना में विश्व पर्यावरण दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

गौरव पार्क में हुई प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, कर्मचारियों ने ली पर्यावरण संरक्षण की शपथ

लुधियाना। मंडल फिरोजपुर के अंतर्गत डीजल शेड लुधियाना में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर गौरव पार्क में एक प्रेरणादायक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में डीजल शेड के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हरित व स्वच्छ वातावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। इस दौरान एक जागरूकता अभियान भी चलाया गया, जिसमें वृक्षारोपण, ऊर्जा संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे विषयों पर प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता/डीजल शेड राहुल भारती ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल उपाय अपनाने तथा सतत विकास के लिए सक्रिय योगदान देने की प्रेरणा दी।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को सम्मानित किया गया। विजेताओं में मोहित कुमार (वरिष्ठ लिपिक), शशि भूषण (तकनीशियन-I), कपिल कार्की (तकनीशियन-I), मनीष कुमार (तकनीशियन-I), ओम प्रकाश (एसएसई) तथा आशीष रंजन (तकनीशियन-III) शामिल रहे।

कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के लिए कार्य करने की शपथ के साथ किया गया। रेलवे प्रशासन ने इस आयोजन को पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।