ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर डीज़ल शेड लुधियाना सम्मानित, मंडल फिरोजपुर ने सराहा योगदान

फिरोजपुर। देशहित और राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर सिद्ध करते हुए डीज़ल शेड लुधियाना ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियान की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर मंडल फिरोजपुर द्वारा डीज़ल शेड लुधियाना को उसके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

जानकारी के अनुसार 7 मई 2025 से 15 मई 2025 तक चले इस विशेष अभियान के दौरान डीज़ल शेड लुधियाना ने मालगाड़ियों, सैन्य विशेष ट्रेनों तथा अन्य आवश्यक रेल सेवाओं के लिए लगातार लोकोमोटिव उपलब्ध कराकर अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

डीज़ल शेड लुधियाना अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट स्थित एक प्रमुख ब्रॉड गेज डीज़ल शेड होने के कारण रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद शेड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अनुकरणीय समर्पण, उत्कृष्ट टीम भावना और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए जिम्मेदारी का निर्वहन किया।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक फिरोजपुर संजीव कुमार ने डीज़ल शेड लुधियाना की पूरी टीम को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कर्मचारियों की प्रतिबद्धता तथा राष्ट्रहित में निभाई गई भूमिका की सराहना करते हुए इसे भारतीय रेल की गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

वर्षगांठ के अवसर पर ऑपरेशन सिंदूर की स्मृति में गौरव पार्क में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया। समारोह के दौरान वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (डीजल), लुधियाना राहुल भारती ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उनके अथक परिश्रम एवं समर्पण की प्रशंसा की और प्रेरणादायक शब्दों से सभी का उत्साहवर्धन किया।

डीज़ल शेड लुधियाना ने दोहराया कि वह राष्ट्रहित एवं भारतीय रेल की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता रहा है और भविष्य में भी देश की आवश्यकता पड़ने पर सदैव तत्पर रहेगा।

डीज़ल शेड लुधियाना का यह योगदान भारतीय रेल की राष्ट्रसेवा भावना का सशक्त उदाहरण है।