हरदोई में सड़क किनारे मिला मजदूर का शव, इलाके में फैली सनसनी, शाम को 6 बजे घर से निकला था

हरदोई। बिलग्राम कस्बे में शनिवार सुबह सड़क किनारे एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मोहल्ला रफैयत गंज निवासी 36 वर्षीय गोविंद पुत्र श्रीपाल के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
परिजनों के अनुसार, गोविंद शुक्रवार शाम करीब छह बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग सका। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने रफैयत गंज से कानपुर बाईपास मार्ग पर पालिका के पंप हाउस के पास सड़क किनारे उसका शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी गंभीर चोट के निशान की पुष्टि नहीं हो सकी है।
शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख जताया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।