हरदोई में ₹2.10 लाख की लूट जांच में निकली फर्जी, कर्ज से बचने के लिए युवक ने रची साजिश, पुलिस ने किया गिरफ्तार

हरदोई। सांडी थाना क्षेत्र में 2 लाख 10 हजार रुपये की लूट की सूचना पुलिस जांच में पूरी तरह फर्जी साबित हुई है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए झूठी सूचना देने वाले युवक को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मल्लावां थाना क्षेत्र के ग्राम मटियामऊ निवासी श्रीराम पुत्र बालकराम यादव ने 14 मई 2026 को थाना सांडी में तहरीर देकर 2.10 लाख रुपये लूटे जाने की सूचना दी थी। शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि 13 मई को श्रीराम अपनी मां कुमारा देवी के साथ हरपालपुर से जमीन बेचने के बाद 2 लाख रुपये लेकर लौट रहा था। सांडी तिराहे पर ई-रिक्शा से उतरते समय रिक्शा पेट्रोल पंप के पास पड़ी ईंटों पर चढ़ गया, जिससे झटका लगने पर उसकी मां नीचे गिर गई और रुपयों से भरा पर्स भी गिर पड़ा। इसी दौरान श्रीराम ने पहले अपनी मां को उठाया और फिर चुपके से पर्स उठाकर जेब में रख लिया। इसके बाद वह मां को लेकर बिलग्राम होते हुए घर चला गया।
अगले दिन उसने लूट की मनगढ़ंत कहानी बनाकर पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि उसने ई-रिक्शा चालक हंसराम को भी झूठी गवाही देने के लिए गुमराह किया था।
सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि श्रीराम पर गांव के कुछ लोगों का कर्ज था। रुपये वापस न करने के उद्देश्य से उसने फर्जी लूट की कहानी रची थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।