एडीआरएम ने नागौर-नोखा-देशनोक स्टेशनों का किया निरीक्षण, विकास कार्य तेज करने के निर्देश

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नागौर व नोखा स्टेशनों पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों को गति देने के लिए अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) करनी राम ने गुरुवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नागौर, नोखा व देशनोक स्टेशनों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता व प्रगति की समीक्षा कर जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में बताया गया कि नागौर स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज का कार्य तेजी से जारी है। नया मुख्य प्रवेश द्वार जल्द तैयार होगा। पे-एंड-यूज शौचालय भी शीघ्र यात्रियों को समर्पित किया जाएगा। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर महिला व पुरुष यात्रियों के लिए 10-10 बेड की डॉर्मिटरी, चार रिटायरिंग रूम व एक वीआईपी कक्ष बनाया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट व नए शेल्टर भी लगाए जा रहे हैं।

नागौर स्टेशन पर कर्मचारियों के लिए सेफ्टी सेमिनार भी आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रामनिवास जाट, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह व मंडल बिजली इंजीनियर (कर्षण) अंकित तायल सहित अधिकारियों ने मार्गदर्शन दिया।

देशनोक स्टेशन पर बैठने की व्यवस्था, टाइल्स व शौचालय सुविधाओं को और बेहतर किया जाएगा। वहीं नोखा स्टेशन पर नया वेटिंग रूम जून तक तैयार कर यात्रियों को सौंपा जाएगा। शौचालय निर्माण कार्य भी जारी है। रेलवे द्वारा अनधिकृत प्रवेश मार्ग बंद कर स्टेशन के सौंदर्यीकरण की योजना बनाई गई है।

इधर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल, लाइट, पंखे, एसी व सफाई व्यवस्था की प्रतिदिन दो बार मॉनिटरिंग की जाए। इसके लिए रेलवे स्काउट्स व सामाजिक संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाएगा।