स्पाड, ट्रैक पेट्रोलिंग व सिग्नल सिस्टम पर रेलकर्मियों को दिया प्रशिक्षण

रेल सुरक्षा में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त : करनी राम

रेलवे का लक्ष्य जीरो एक्सीडेंट; स्पाड, ट्रैक पेट्रोलिंग व सिग्नल सिस्टम पर कर्मचारियों को दिया प्रशिक्षण

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल द्वारा गुरुवार को मकराना रेलवे स्टेशन पर रेल संरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण संरक्षा सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने रेलकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि रेलवे में संरक्षा सर्वोपरि है और रेलवे का मुख्य लक्ष्य जीरो एक्सीडेंट सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता व जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।उन्होंने कहा कि रेलवे में एक छोटी सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक कर्मचारी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन मिशन भावना से करना चाहिए।सेमिनार में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रामनिवास जाट ने स्पाड (सिग्नल पास्ड एट डेंजर) से बचाव, लेवल क्रॉसिंग सुरक्षा तथा अग्निशमन उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। वहीं सहायक परिचालन प्रबंधक दलपत सिंह चौहान ने शंटिंग प्रक्रिया, पॉइंट ऑपरेशन तथा सिग्नल सिस्टम में बरती जाने वाली सावधानियों पर प्रकाश डाला।डेगाना के सहायक मंडल इंजीनियर विपिन शर्मा ने कर्मचारियों को ट्रैक पेट्रोलिंग, टूटी पटरी की तत्काल सूचना देने और मानसून के दौरान ट्रैक सुरक्षा बनाए रखने के निर्देश दिए। संकेत एवं दूरसंचार विभाग के अधिकारियों ने सिग्नल फेल्योर, पैनल ऑपरेशन तथा संचार व्यवस्था को दुरुस्त रखने के उपाय समझाए।सेमिनार के दौरान कीमैन को नियमित ट्रैक निरीक्षण और गेटमैन को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के अंत में अपर मंडल रेल प्रबंधक ने सभी कर्मचारियों को रेल संरक्षा शपथ दिलाई।स्टेशन अधीक्षक ने भी कहा कि मकराना स्टेशन पर यात्री एवं ट्रेन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सेमिनार में संरक्षा, परिचालन, इंजीनियरिंग तथा संकेत एवं दूरसंचार शाखा के 100 से अधिक रेलकर्मी उपस्थित रहे।